नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- तृणमूल कांग्रेस से नेताओं का मोह भंग होने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा और इनमें नया नाम बंगला फिल्मों की अभिनेत्री और सांसद रुक्मिणी मल्लिक का जुड़ गया है जिन्होंने गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

तृणमूल कांग्रेस ने सुश्री मल्लिक को करीब तीन महीने पहले ही सांसद बनाया था। उन्होंने छह अप्रैल को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली थी।

सभापति सी पी राधाकृष्णन को लिखे त्याग पत्र में उन्होंने कहा है कि वह उच्च सदन से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस को छोड़ने वाली वह राज्य सभा की चौथी सांसद हैं। इससे पहले सुश्री सुष्मिता देव के साथ सर्वश्री सुखेन्दु शेखर राय और प्रकाश चिक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं । ये तीनों भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं और इन्हें 24 जुलाई को होने वाले चुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है और यह सिलसिला लगातार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित