कोलकाता , फरवरी 16 -- पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को चुनाव आयोग (ईसीआई) पर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआई) के लिए सुनवाई की समय-सीमा समाप्त होने के दो दिन बाद दस्तावेजों से संबंधित आदेश जारी करने के लिए जमकर निशाना साधा।

राज्य की वित्त मंत्री एवं तृणमूल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण आवेदनों से संबंधित तार्किक विसंगतियों की सुनवाई की अंतिम तिथि 14 फरवरी थी।

गत 21 जनवरी को मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने चुनाव आयोग से उन दस्तावेजों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था, जो तार्किक विसंगति की सुनवाई के दौरान जमा किये जाने थे।

सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को यह स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ कि 'बांगलार बाड़ी' (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और निम्न आय वर्ग श्रेणियों के लिए आवास का प्रावधान करने वाली राज्य सरकार की योजना) से संबंधित दस्तावेजों को स्वीकार नहीं किया जायेगा।

तृणमूल कांग्रेस के राज्य सचिव कुणाल घोष ने आश्चर्य व्यक्त किया कि चुनाव आयोग सुनवाई की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद स्पष्टीकरण कैसे जारी कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित