कोलकाता , मार्च 28 -- तेज आंधी-तूफान के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शुक्रवार रात उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते कम से कम चार विमानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विमान को लगभग एक घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद उतरने की अनुमति मिली।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, डायवर्ट किए गए विमानों में दुबई और बैंकॉक से आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं, जिन्हें खराब मौसम के कारण ढाका भेजा गया। दुबई से आने वाली फ्लाइट रात करीब 1:03 बजे और बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट लगभग 1:47 बजे ढाका में सुरक्षित उतरी।

घरेलू उड़ानों में हैदराबाद से आ रही इंडिगो फ्लाइट को नागपुर और बेंगलुरु से आ रही एयर इंडिया फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया, जहां दोनों विमान सुरक्षित लैंड कर गए।

तूफान का असर अमित शाह की उड़ान पर भी पड़ा, जो रात 11:40 बजे कोलकाता पहुंचने वाला थी। खराब मौसम के कारण विमान को तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और यह करीब 55 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा। विमान रात करीब 1:20 बजे सुरक्षित उतर सका।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उड़ान को भी इसी तरह खराब मौसम के कारण करीब डेढ़ घंटे तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद उतरना पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित