जयपुर , मई 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि आज देश में विकास की राजनीति तुष्टिकरण की राजनीति पर भारी पड़ रही है तथा एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प देशभर में साकार हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ रहा है जो राष्ट्र प्रथम की नीति और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
श्री शर्मा शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जयपुर शहर जिला प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी भाजपा) की मूल भावना राष्ट्र सेवा एवं राष्ट्र प्रथम बताते हुए कहा कि देश की जनता ने श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार भाजपा पर अपना विश्वास जताया है और आज देश में विकास की राजनीति तुष्टिकरण की राजनीति पर भारी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश के गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। हर घर नल से जल, गरीबों को पक्का मकान, किसानों को सम्मान निधि, उज्ज्वला एवं आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन उपलब्धियों को घर-घर एवं जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' के विचार के अनुरूप अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही भाजपा का लक्ष्य है। यह अभियान भाजपा के महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित