बारां , जुलाई 10 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने धान की रोपाई के लिए किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग की है।

श्री भाया ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने जिला कलेक्टर बारां को पत्र लिखकर तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से अगले 10 दिनों तक पानी छोड़ने का आग्रह किया है।

उन्होंने पत्र में बताया कि इस वर्ष मानसून के विलंब से आने और अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण क्षेत्र में धान की रोपाई प्रभावित होने की स्थिति बन गयी है। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। वर्तमान समय धान की रोपाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर पानी उपलब्ध नहीं हुआ तो रोपाई प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

श्री भाया ने जिला प्रशासन से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए तुलसां लिफ्ट सिंचाई परियोजना से तत्काल 10 दिनों तक आवश्यक जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसान समय पर धान की रोपाई कर सकें और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित