राजनांदगांव/तुमड़ीबोड़ , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग अब तेजी से तूल पकड़ने लगी है।
कांग्रेस के युवा नेता आकाश जैन ने छत्तीसगढ़ सरकार से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने कहा कि तुमड़ीबोड़ अब केवल एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह आसपास के दर्जनों गांवों के लिए एक प्रमुख व्यावसायिक और प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है।
श्री आकाश जैन ने बताया कि तुमड़ीबोड़ की भौगोलिक स्थिति और ग्रामीण क्षेत्रों से इसकी नजदीकी इसे एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है। आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोग अपने दैनिक कार्यों, खरीदारी और अन्य आवश्यकताओं के लिए रोजाना यहां आते-जाते हैं। क्षेत्र की लगातार बढ़ती इन गतिविधियों को देखते हुए इसे नगरीय निकाय का दर्जा देना समय की मांग है।
श्री आकाश जैन का कहना है कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में बुनियादी और नागरिक सुविधाओं का विस्तार अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। सड़क, पेयजल, नाली निर्माण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य शहरी विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए नगरीय निकाय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी, जिससे भविष्य की जरूरतों को समय रहते पूरा किया जा सके।
उन्होंने वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज स्थित राजनांदगांव या डोंगरगांव जाना पड़ता है, जिससे आम नागरिकों का बहुमूल्य समय और संसाधन दोनों खर्च होते हैं। तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत बनाए जाने और स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के विस्तार से क्षेत्रवासियों को इन परेशानियों से बड़ी राहत मिल सकेगी।
कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि तुमड़ीबोड़ और इसके आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, जनसुविधाओं की आवश्यकताओं और सभी जरूरी मापदंडों का आकलन कर शीघ्र ही नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की घोषणा की जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर जल्द ही उचित निर्णय लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित