टोक्यो , फरवरी 27 -- मशहूर जापानी एनिमेटेड सीरिज और मोबाइल गेम पोकेमोन शुक्रवार को तीस साल का हो गया। दुनिया भर में करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीतने वाले इस फ्रैंचाइजी को आज ही की तारीख को 1996 को जापान में एक वीडियो गेम के रूप में रिलीज किया गया था।

उस समय 'पॉकेट मॉन्स्टर्स: रेड' और 'पॉकेट मॉन्स्टर्स: ग्रीन' के नाम से लॉन्च किया गया यह फैंचाइजी आज कथित तौर पर इतिहास में सबसे अधिक कमाई करने वाली मीडिया फ्रैंचाइज़ी बन गया है।

पोकेमोन की कल्पना जापानी गेम डिज़ाइनर सातोशी ताजीरी ने की थी। उनका सपना था कि बच्चे प्रकृति और जीव-जंतुओं से जुड़ें। यही विचार आगे चलकर एक ऐसे गेम में बदला, जिसमें खिलाड़ी अलग-अलग काल्पनिक जीवों (पोकेमोन) को पकड़ते, प्रशिक्षित करते और मुकाबला कराते हैं।

एक साल के भीतर ही यह इतना लोकप्रिय हुआ कि दस लाख से अधिक हेंडहेल्ड कंसोल बिक गये। और मात्र तीन सालों के भीतर श्री ताजीरी के 150 पोकेमोन जीव दुनिया भर में मशहूर हो गये।

जब इसे 'ट्रेडिंग कार्ड गेम' के रूप में रिलीज किया गया तो यह जैसे एक सनसनी बन गया और प्रेस ने लोगों के इस दिवानगी को 'पोकेमोनिया' नाम दे दिया। दीवानगी का यह आलम था कि बच्चों को स्कूल में पोकेमोन कार्ड लाने से प्रतिबंधित किया जाने लगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित