जयपुर , जुलाई 28 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बहुचर्चित तीस लाख रुपए के रिश्वत प्रकरण में काफी दिनों से फरार चल रहे जयपुर में पटवार हल्का हाथोज के तत्कालीन पटवारी एवं आरोपी नरेन्द्र मीणा को गिरफ्तार किया है।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी द्वारा फरार आरोपी को अनुसंधान में हाजिर होने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ तथा लगातार फरार रहा।

एसीबी टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। सतत निगरानी के आधार पर प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एसीबी टीम ने जयपुर के चम्पापुरा कालवाड़ रोड स्थित आरोपी के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

श्री गुप्ता ने बताया कि नरेन्द्र मीणा परिवादी से हाथोज क्षेत्र स्थित उसकी लगभग 10 बीघा भूमि का नामान्तरण खोलने की एवज में स्वयं एवं तहसीलदार के नाम पर 50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद एसीबी टीम द्वारा सत्यापन करने पर इस मामले में 30 लाख पर की रिश्वत तय की गयी तथा राशि अपने कथित मध्यस्थ विकास शर्मा के माध्यम से प्राप्त करने की योजना बनायी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित