पौड़ी , अक्टूबर, 25 -- खेतों की मिट्टी की सेहत सुधारने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने और खेती की बढ़ती लागत कम करने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी गढ़वाल में खेत बचाओ अभियान रबी 2026 संचालित किया जा रहा है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक प्रयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, हरी खाद और मृदा संरक्षण की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने रविवार को बताया कि अभियान के तहत सप्ताह में पांच दिन गांवों और निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर किसानों से संवाद किया जा रहा है। कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र भरसार, आईसीएआर, सीएसआईआर सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों के समन्वय से किसानों को वैज्ञानिक खेती की तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुभवों और शोध को किसानों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि मिट्टी की जरूरत के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए मृदा नमूना संग्रहण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को संतुलित पोषण, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों तथा कृषि संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, अनावश्यक खर्च कम करने और पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। भूमि में मौजूद लाभदायक मित्र कीटों का संरक्षण भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित