सिलीगुड़ी , सितंबर 06 -- पश्चिम बंगाल प्रशासन ने सिक्किम में तीस्ता और च्याकोंग नदियों के संगम स्थल पर भूस्खलन के कारण पानी का प्रवाह आंशिक रूप से रूकने के बाद, तीस्ता नदी के तटीय क्षेत्रों में एहतियाती अलर्ट जारी किया है।

अधिकारियों के अनुसार पश्चिम बंगाल में तीस्ता नदी के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी सीधे तौर पर सिक्किम के भूस्खलन से जुड़ी नहीं है। हालांकि, सुरक्षात्मक उपाय के रूप में नदी के निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, स्थिति पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा प्रशासन ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से आने वाले किसी भी अतिरिक्त जल प्रवाह को संभालने के लिए जल-प्रबंधन प्रणाली की खास देखभाल कर रहा है। साथ ही 'तीस्ता लो डैम प्रोजेक्ट-पंचम' से लगभग 3,000 क्यूमेक पानी छोड़ा गया है, ताकि जलाशय में पर्याप्त क्षमता बनी रहे और अचानक पानी आने पर उसे नियंत्रित और योजनाबद्ध तरीके से निकाला जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित