लखीसराय , अगस्त 17 -- िहार के लखीसराय जिले में अशोकधाम मंदिर परिसर के समीप तीसरी सोमवारी के अवसर पर आज सुबह भगदड़ मच जाने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी तथा 18 से अधिक लोग घायल हो गये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना अशोकधाम मंदिर परिसर से करीब 400 मीटर पश्चिम और अशोकधाम रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं के पंक्तिबद्ध होने के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गयी। भीड़ का दबाव बढ़ने से बांस की बैरिकेडिंग टूट गयी और महिलाओं का एक बड़ा समूह समीप स्थित रेलवे हाता के जलजमाव वाले क्षेत्र में गिर गया।

इसी दौरान भीड़ के दबाव से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल भी गिर गया। पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गये।

भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गयी।मृतकों की पहचान सरोज देवी (65) मणिमाला देवी (44), हेमलता देवी (55), सावित्री देवी (48),सविता देवी (35), ललिता देवी (50) तथा रिंकू देवी के रूप में की गयी है। घायलों को सदर अस्पताल तथा निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।मृतकों के शव सदर अस्पताल लाये गये, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गयी।

इस बीच सदर अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया है। प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य करने और परिजनों से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं की मौत पर शोक जताया औरमृतक के परिजनों को चार लाख अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों का समुचित और शीघ्र इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित