रांची, 03जुलाई (वार्ता) झारखंड के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्णन ने आज राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज में तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन किया।
यह प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों के 200 से अधिक प्रतिभागी अपनी निशानेबाजी का कौशल दिखाएंगे।
चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल एवं एयर पिस्टल (महिला और पुरुष वर्ग), 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल, सेंटर फायर पिस्टल तथा 50 मीटर प्रोन राइफल और थ्री पोजीशन जैसे विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।
श्री किशोर ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर इस चैंपियनशिप का विधिवत उद्घाटन किया।वहीं जेएसएसपीएस के सीईओ नवीन कुमार झा,रांची जिला शूटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार, झारखंड गौ आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद,राजेश गुप्ता सहित खेल और प्रशासन से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर राज्य के उभरते निशानेबाजों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। रौनक राज महतो ने 10 मीटर एयर राइफल में यूथ एशियन चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जबकि सुप्रिया कुमारी ने 67वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2024 में रजत पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
वित्त मंत्री श्री किशोर ने मौके पर सभी निशानेबाजों को शुभकामनाएं दी और कहा कि इस खेल के पीछे योग का अभ्यास है क्योंकि इसमें साँस रोकने की क्षमता जरूरी होती है । यह आयोजन राज्य में शूटिंग को बल देने में बड़ी भूमिका अदा करेगा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के युवा निशानेबाजों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना है। तीन दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के आधार पर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होने का प्रयास करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित