मुरैना , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश में मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र में नैनागढ़ रोड पर सोमवार देर रात एक महिला ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल महिला की पहचान भूमि शर्मा, पत्नी हरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को नीचे कूदते और मौके पर मौजूद लोगों को उसे रोकने की कोशिश करते देखा जा सकता है।
घटना के बाद महिला को पहले मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे ग्वालियर होते हुए दिल्ली रेफर किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित