बिलासपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित जिला न्यायालय को एक बार फिर आज बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। न्यायालय प्रशासन को ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी में कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है। यह लगातार तीसरी बार है जब इस तरह की धमकी सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर न्यायालय परिसर की सघन जांच की। इस दौरान कोर्ट रूम, गलियारों, प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई।

एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि नियमित सुरक्षा जांच के अलावा इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित