बेतिया , मई 02 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार की 03 मई को शुरू होने वाली सद्भाव यात्रा में शामिल होने आये जदयू नेताओं ने शनिवार को कहा कि यह यात्रा पार्टी के लिए एक नए युग का आगाज है, जिसका संकल्प शब्द है, तीर निशान, तय निशांत।

जदयू के नेताओं ने बेतिया परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक स्वर में कहा कि विकसित बिहार जदयू का लक्ष्य और सद्भाव उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि इसीलिए श्री कुमार की इस खास यात्रा का नाम सद्भाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार का भविष्य विकास, सद्भाव और सामाजिक न्याय के रास्ते पर ही आगे बढ़ेगा।

इस संवाददाता सम्मेलन को पार्टी के विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, वाल्मीकिनगर से पार्टी के सांसद सुनील कुमार, बरौली से पार्टी विधायक मंजीत कुमार सिंह, सिकटा से पार्टी विधायक समृद्ध वर्मा, पार्टी के पूर्व विधान पार्षद भूमिपाल राय, पूर्व विधायक रिंकू सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद एवं छात्र प्रवक्ता अमित माधव ने संयुक्त रुप से संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित