प्रयागराज , जुलाई 14 -- अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से प्रयागराज में लगातार 16वें वर्ष भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन 19 जुलाई को किया जाएगा। इस वर्ष रथ यात्रा का मार्ग परिवर्तित किया गया है और इसे पुराने शहर के बजाय सिविल लाइंस क्षेत्र से निकाला जाएगा। इस्कॉन के जनरल मैनेजर शिवकुमार कृष्ण दास ने मंगलवार को बताया कि रथ यात्रा 19 जुलाई को अपराह्न तीन बजे सुभाष चौराहे से प्रारंभ होकर हीरा हलवाई चौराहा, इंदिरा चौराहा, अशोक नगर स्थित बाबा चौराहा होते हुए दुर्गा पूजा पार्क पहुंचकर संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में युवाओं और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण रखे गए हैं। यात्रा में सबसे आगे बच्चों द्वारा खींचा जाने वाला भगवान श्री जगन्नाथ का लघु रथ चलेगा। बच्चों की कीर्तन मंडली भी भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा का नेतृत्व करेगी।

श्री दास ने बताया कि युवाओं के लिए ऑनलाइन रथ यात्रा सहभागिता प्रमाणपत्र की व्यवस्था की गई है। दुर्गा पूजा पार्क में भगवान श्री जगन्नाथ की लीलाओं का मंचन, विशेष कथा, महाआरती तथा हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन के अंतर्गत सांस्कृतिक संध्या में ओडिशा की पारंपरिक ओडिसी नृत्य प्रस्तुति भी होगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन के माध्यम से प्रयागराज में श्रद्धालुओं को मिनी जगन्नाथ पुरी की झलक देखने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित