जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीर्थराज पुष्कर का विशेष पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार इसकी विरासत को सहेजते हुए इसे विश्वस्तरीय तीर्थाटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए संकल्पित है और इसकी भव्यता एवं दिव्यता को और अधिक निखारते हुए इसे नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

श्री शर्मा सोमवार रात मुख्यमंत्री कार्यालय में पुष्कर तीर्थराज के विकास की कार्ययोजना को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुष्कर के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिससे आने वाली पीढ़ियों का हमारी संस्कृति के प्रति जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ हो तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिले।

मुख्यमंत्री ने ब्रह्मा मंदिर सहित सभी मंदिरों के सौंदर्यकरण तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों के लिए बेहतर सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के सहयोग और सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जन सहयोग से ही विकास कार्य और अधिक प्रभावी बनेंगे।

बैठक में पुष्कर सरोवर के घाटों पर सुविधाओं के विकास, मंदिरों एवं परिक्रमा मार्गों के सौंदर्यकरण, भव्य एंट्री प्लाजा, सड़क निर्माण आदि पर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत चर्चा की गई। पुष्कर के साधु, महंत एवं निवासियों ने पुष्कर के विकास की कार्ययोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अपने सुझाव भी दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने साधु, महंतों का दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित