बैतूल , मार्च 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में थाना गंज क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे तीन हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 14 अगस्त 2025 को संजय कॉलोनी गंज निवासी सुनील उर्फ बोक्या बारस्कर (27) ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमन उर्फ चमन गायकी और राजकुमार पंदाम ने पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी हुई थी।
मुख्य आरोपी अमन उर्फ चमन पिता शंकर गायकी (25) निवासी राजेन्द्र वार्ड थाना गंज घटना के बाद से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के विरुद्ध चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामलों में न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी थे।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित