गयाजी, मई 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि 2800 से 3000 करोड़ के खर्च से गयाजी में विष्णुपद मंदिर के आसपास कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा।

श्री चौधरी ने आज अपने बोधगया और गया के दौरे पर कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि अगले एक महीने के भीतर बोधगया कॉरिडोर के निर्माण का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मगध क्षेत्र में 22 हजार एकड़ में विशाल टाउनशिप और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में लगने वाले उद्योगों में इस बात का ख्याल रखा जायेगा कि कम 30 प्रतिशत राशि बिहार में बने उत्पादों पर खर्च हो, ताकि बिहार का पैसा बिहार में रहे और यहां रोजगार में वृद्धि हो।

श्री चौधरी ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत को भी केंद्र में रखते हुए नालंदा के गौरव का जिक्र किया और कहा कि जब आक्रमणकारियों ने यहां की पुस्तकों को जलाया था, तो ज्ञान की वह आग महीनों तक जलती रही, लेकिन बिहार की आत्मा नहीं बुझी थी।

मुख्यमंत्री ने बोधगया मठ में मौजूद सैकड़ों वर्ष पुरानी मूर्तियों और विरासत के संरक्षण के लिए विश्वस्तरीय म्यूजियम बनाने की घोषणा भी की, जिससे दुनिया बिहार की सभ्यता और संस्कृति को करीब से देख सके।

श्री चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था पर कहा कि अगले दो वर्षों में ऐसे मॉडल स्कूल तैयार किये जायेंगे, जहां मंत्री और विधायक के बच्चे भी पढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने गया की धार्मिक पहचान की चर्चा की और कहा कि गया पिंडदान के लिए प्रसिद्ध है और अब बिहार में अपराधियों का भी पिंडदान शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि मठ की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर 30 दिनों के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार तभी बदलेगा, जब बिहार भयमुक्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित