भोपाल , मार्च 03 -- होली पर्व के अवसर पर आमजन की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर पिछले तीन सप्ताह में 1835 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 73 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।

पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकी संसाधनों, साइबर विश्लेषण तथा सीईआईआर और एनसीआरपी पोर्टल के समन्वित उपयोग से यह सफलता प्राप्त की गई। बरामद मोबाइल उनके वैध स्वामियों को सुपुर्द किए गए हैं।

ग्वालियर में 551 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 33 लाख रुपए आंकी गई है। छतरपुर में विभिन्न कार्रवाइयों में 200 से अधिक मोबाइल बरामद कर करीब 29 लाख रुपए की संपत्ति लौटाई गई। उज्जैन में दो चरणों में 409 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत 73 लाख 50 हजार रुपए है।

सिंगरौली में 172 मोबाइल फोन (करीब 42 लाख रुपए), मंडला में 253 मोबाइल (लगभग 38 लाख रुपए) तथा गुना में 213 मोबाइल (50 लाख रुपए से अधिक) बरामद किए गए। कटनी में अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 मोबाइल जप्त किए गए। जबलपुर जीआरपी ने 6 मोबाइल तथा रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 11 मोबाइल बरामद किए।

मंडला जिले में दूरस्थ क्षेत्रों में माइक्रोबीट अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों के घर पहुंचकर मोबाइल सुपुर्द किए गए, जिससे पुलिस-जन संवाद को मजबूती मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना सुदृढ़ हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित