इंफाल , अगस्त 21 -- नागालैंड के दीमापुर होकर जाने वाली इंफाल-गुवाहाटी बस सेवा तीन वर्ष से अधिक समय के बाद शुक्रवार को फिर शुरू हो गयी, जो लंबे समय से चले आ रहे जातीय संघर्ष के बाद सामान्य स्थिति बहाल करने और अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करने के मणिपुर सरकार के प्रयासों में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री सचिवालय की विज्ञप्ति के अनुसार आज सुबह दो बसों और पांच विंगर गाड़ियों में कुल 125 यात्री इंफाल से असम के प्रमुख शहर गुवाहाटी के लिए रवाना हुए।

मई 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर बस सेवाएं ठप थीं। यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने बस सेवाएं फिर से शुरू करने के इस कदम को अंतरराज्यीय आवाजाही के लिए एक सकारात्मक शुरुआत मानते हुए इसका व्यापक स्वागत किया है।

थौबल जिले के एक यात्री कियाम कुमारजीत सिंह ने सरकार की पहल का स्वागत किया और आशा व्यक्त की कि इस मार्ग के फिर से खुलने से समुदायों के बीच 'प्रेम, शांति और सौहार्द' को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

इंफाल पूर्व जिले के खुंद्राकपाम गांव की एक अन्य यात्री निवेदिता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह यात्रा राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में मददगार साबित होगी। ये बसें असम के गुवाहाटी जाने के रास्ते में नागालैंड की ओर बढ़ने से पहले कुकी-बहुल जिले कांगपोकपी और नागा-बहुल जिले सेनापति से होकर गुजर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित