कानपुर नगर , सितंबर 16 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से कानपुर में एक माह तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत होगी। पहले दिन 'सेवा दिवस' के तहत पूरे जिले में करीब तीन लाख 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। मोतीझील में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 76 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सामाजिक, व्यापारिक और धार्मिक संगठनों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को नेहरू नगर स्थित कानपुर ब्लाइंड स्कूल में दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जाएंगे। उर्सला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित होगा और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की जाएगी। शाम सात बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, नदी घाटों, अमृत सरोवरों, मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान 'मेरे सपनों का भारत', 'नमो सेवा', 'अनकही कहानियां', नुक्कड़ नाटक, 'आंगन मिलन सेवा', 'सेवा की कहानी', 'सेवा मेरा योगदान' और 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सामूहिक रंगोली बनाई जाएगी।

25 सितंबर को जिले की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण तथा सात अक्टूबर को फूलबाग चौराहे पर 'सेवा कलश यात्रा' प्रस्तावित है। 'सेवा सेतु' के तहत प्रत्येक विकासखंड में 'सरकार आपके द्वार' सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

'सेवा मेरा योगदान' के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्वच्छता अभियान, नदी घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, अंगदान संकल्प, नशा मुक्ति, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना और उसे सरकारी योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लेना है।

अभियान में सोशल मीडिया को भी माध्यम बनाया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभवों पर रील बनाकर साझा करेंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को 'जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक' सहित विभिन्न कार्यक्रमों के साथ प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित