भिण्ड , नवम्बर 02 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में युवक रईस अहमद की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटे की हत्या कराने के लिए तीन लाख रुपए की सुपारी दी थी। युवक का शव पिछले मंगलवार को देहात थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पॉलीथिन में पैक मिला था। पुलिस ने कल रविवार देर शाम मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक रईस अहमद (37) उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के उरई स्थित शिवरी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 21 का निवासी था। उसके पिता रशीद अहमद (63) तेल मिल चलाते हैं। पुलिस का कहना है कि रईस शराब का आदी था और उसकी नशे की लत तथा गतिविधियों से परिवार परेशान था। इसी वजह से पिता ने दो सितंबर को उसे ग्वालियर के एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था।
पुलिस जांच में पता चला कि रशीद अहमद ने बेटे की हत्या की साजिश रचकर उरई निवासी गुड्डू उर्फ अमजद खान, सानू उर्फ मुन्ना खान और मोहम्मद इजरायल से संपर्क किया था। हत्या के लिए तीन लाख रुपए में सौदा तय हुआ। योजना के तहत 26 अक्टूबर को रईस को ग्वालियर में कार में बैठाया गया। आरोपियों ने चितौरा के पास कार में रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी और शव को कार में रखकर भिण्ड की ओर रवाना हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शव को करीब 80 किलोमीटर तक कार में लेकर घूमते रहे। देर रात भिण्ड से लगभग पांच किलोमीटर दूर मानपुरा के पास शव को पॉलीथिन में पैक किया। उसमें नमक और डिटर्जेंट डालने के बाद चलती कार से सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
शव मिलने के बाद देहात थाना पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर पास के एक मैरिज गार्डन के कैमरे में संदिग्ध कार दिखाई दी। कार के पंजीयन नंबर और संदिग्धों के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस उरई पहुंची और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रईस का पिता रशीद अहमद, गुड्डू उर्फ अमजद खान (43), सानू उर्फ मुन्ना खान (27) और मोहम्मद इजरायल (48) शामिल हैं। देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि हत्या के लिए तीन लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। पुलिस अब सुपारी की रकम के भुगतान और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित