चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रदेश में बढ़ते नशे के संकट को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि भगवंत मान सरकार का बहुचर्चित 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मोहाली की अंब साहिब कॉलोनी में पिछले 18 दिनों के दौरान नशे की ओवरडोज से पांच युवकों की मौत ने पंजाब में नशे की भयावह स्थिति को उजागर कर दिया है।
श्री ढिल्लों ने अंब साहिब कॉलोनी के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक है कि एक मां ने नशे की वजह से अपने दोनों पुत्रों को खो दिया, जबकि एक अन्य महिला अपने पति की मौत के बाद दो छोटे बच्चों की अकेले परवरिश करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि ये केवल आंकड़े नहीं, बल्कि सरकार की विफलता से बर्बाद हुए परिवारों की दर्दनाक कहानी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की जनता से तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज हालात पहले से भी ज्यादा खराब हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का युवा प्रतिदिन नशे की भेंट चढ़ रहा है, जबकि सरकार अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब नशे से प्रभावित परिवार और आम नागरिक नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उन्हें खुलेआम धमकियां दी जाती हैं। इससे स्पष्ट होता है कि नशा तस्करों को प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि लोगों का व्यवस्था से विश्वास इस कदर उठ चुका है कि नशे से तबाह परिवार अपने घर बेचने के पोस्टर लगाने और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि नशे से हो रही लगातार मौतें और बढ़ता जनाक्रोश इस मुद्दे पर आप सरकार की पूर्ण विफलता का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप का तथाकथित "बदलाव" पंजाब को कई वर्ष पीछे ले गया है। उन्होंने कहा कि नशे जैसी गंभीर समस्या का समाधान केवल मजबूत नेतृत्व और प्रभावी नीति से ही संभव है, न कि प्रचार अभियानों और विज्ञापनों से।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब के लोगों से आगामी चुनावों में भाजपा की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ही पंजाब को नशा मुक्त बनाकर युवाओं का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित