बिलासपुर , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे से नयी दिल्ली के लिए तीन मई को सीधी विमान सेवा की शुरुआत होने जा रही है।

एलायंस एयर द्वारा शुरू की जा रही यह उड़ान फिलहाल हर रविवार संचालित होगी, जिससे यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। नयी व्यवस्था के अनुसार विमान शाम करीब 6:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। यह उड़ान रात 9:25 बजे नयी दिल्ली पहुंचेगी। लंबे समय से बिलासपुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।

इस सेवा का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्री दिनभर अपने जरूरी काम निपटाने के बाद शाम को आराम से राजधानी के लिए यात्रा कर सकेंगे। खासतौर पर व्यवसाय, सरकारी कार्य और निजी कारणों से यात्रा करने वालों के लिए यह काफी सुविधाजनक रहेगा।

शाम के समय उड़ान संचालित होने से तकनीकी रूप से भी लाभ मिलेगा। अपराह्न में अधिक तापमान के कारण विमानों में सीटों की संख्या सीमित करनी पड़ती है, लेकिन अब यह समस्या नहीं होगी और विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा।

शुरुआत में यह सेवा सप्ताह में एक दिन ही उपलब्ध रहेगी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाने की योजना है। इस नयी उड़ान सेवा से न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे क्षेत्र को आर्थिक और सामाजिक रूप से फायदा मिलने की उम्मीद है। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित