अलवर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में काली मोरी-मोती नगर के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद रविवार को हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

सात घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद परिजनों ने तीनों शव नहीं लिए हैं। परिजन इसे सड़क हादसा मानने से इन्कार करते हुए पुरानी रंजिश के चलते साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं और कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

मृतकों की पहचान जितेंद्र उर्फ छोटू राजपूत (22), युवराज उर्फ युवी सैनी (21) और हिमांशु शर्मा (22) के रूप में हुई है। तीनों बचपन के दोस्त बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद से ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों का जमावड़ा है।परिजनों के धरने की जानकारी के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप है कि तीनों युवकों की मौत महज दुर्घटना नहीं है। उनका दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते युवकों की मोटर साइकिल को पीछे से कार से जानबूझकर टक्कर मारी गई। परिजनों ने जिस कार से मोटर साइकिल को टक्कर लगने की बात कही है, उसके संबंध में भी रंजिश वाले युवक का नाम सामने आने का दावा किया है। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

धरने के दौरान आक्रोशित परिवार और लोगों की भीड़ बिजली घर के पास से अलवर शहर विधायक एवं वन मंत्री संजय शर्मा के निवास की ओर बढ़ने लगी। पुलिस ने भीड़ को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी मामले में गंभीरता से कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

परिजनों ने दावा किया कि हादसे की स्थिति सामान्य दुर्घटना जैसी नहीं थी। उनका कहना है कि कार की टक्कर से नाले की करीब पांच फुट ऊंची दीवार टूट गई, खून काफी दूर तक बिखरा मिला और शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। इसी आधार पर वे घटना को हत्या बता रहे हैं।

मौके पर पहुंचे वृत्त अधिकारी राजेश कसाना और अरावली विहार थाना प्रभारी सुनील टांक ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में मामला तेज रफ्तार के कारण कार और मोटर साइकिल की भिड़ंत का नजर आ रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए रंजिश और हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित