हाजीपुर , मार्च 18 -- वैशाली जिले में तीन दिवसीय वैशाली महोत्सव-2026 का आयोजन जैन पंचांग के अनुसार महावीर जयंती के अवसर पर इस वर्ष 31 मार्च से 02 अप्रैल तक किया जाएगा।

जिलाधिकारी (डीएम) श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन और निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने इसके सफल आयोजन की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी हैं।

महोत्सव आयोजन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह पूर्व निर्धारित स्थल आम्रपाली होटल परिसर के समीप होगा।

डीएम के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, वैशाली एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन ने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महोत्सव से पूर्व अभिषेक पुष्करणी की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण कराने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान गणमान्य अतिथियों के स्वागत, कलाकारों एवं आगंतुकों के आवासन, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही महोत्सव में स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे तथा कृषि मेला का भी आयोजन किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, जिससे महोत्सव का आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित