पौड़ी , अगस्त 02 -- उत्तराखंड में पौड़ी के जिला चिकित्सालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'सेवा, सुशासन और समर्पण' संकल्प के तहत आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।

शिविर के अंतिम दिन 178 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। तीन दिनों तक चले इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना रहा।

31 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), फिजिशियन एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही मरीजों को निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग और गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग (उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं ओरल कैंसर), 12 मरीजों की टीबी जांच, 76 प्रयोगशाला परीक्षण, 45 एक्स-रे, 17 नेत्र रोगियों की जांच तथा 21 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों की रोकथाम, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

शिविर के समापन अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. मयंक चौहान, डॉ. रूपा, डॉ. गौरव शर्मा, एएनएम नीलम नेगी, नीति डोभाल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विवेक घिल्डियाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित