पटना , मार्च 23 -- बिहार कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से आयोजित तीन दिवसीय (21-23 मार्च, 2026) बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का सोमवार को समापन हो गया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि बिहार में नर्सरी से संबंधित राष्ट्रीय स्तर का यह पहला आयोजन था। उन्होंने बागवानी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्राकृतिक पेड़ पौधे एवं पशु पक्षियों के बीच रहने से तनाव कम रहता है और स्वास्थ्य अच्छा रहता है। इस आयोजन से राज्य में नर्सरी के समग्र विकास के साथ देश स्तर पर नर्सरी व्यवसाय को स्थापित करने, किसानों की समृद्धि एवं प्रदेश के विकास के लिए एक सुअवसर प्रदान किया है।
श्री लाल ने कहा कि नर्सरी से जुड़े सभी हितधारकों, किसानों, शोधकर्त्ता, उद्यमी, नीति निर्माता, निर्यातक और आमजन ने हजारों की संख्या में भाग लेकर बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 को एक स्मरणीय और सफल उत्सव बना दिया। यह आयोजन 'परम्परा से प्रगति' के अपने उद्देश्य को मूर्त्त रूप देने में सफल रहा। दर्शकों ने विभिन्न प्रकार के पौधे एवं नर्सरी से जुड़े सामग्रियों की लगभग 45 लाख रूपये से अधिक की खरीदारी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित