उदयपुर , अगस्त 06 -- राजस्थान में उदयपुर में तीन दिवसीय मुद्रा एवं एंटीक प्रदर्शनी का शुक्रवार से आयोजन होगा।

शहर के अशोका ग्रीन में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में देशभर के संग्रहकर्ता 500 वर्ष पुराने दुर्लभ भारतीय एवं विदेशी सिक्के, पुराने नोट, स्मारक मुद्राएं, पदक, डाक टिकट और अन्य ऐतिहासिक संग्रहणीय वस्तुएं प्रदर्शित करेंगे।

प्रदर्शनी के आयोजक संदीप जैन ने गुरुवार को यहां बताया कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, युवाओं, शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यहां आगंतुक भारत की प्राचीन मुद्रा विरासत को करीब से जान सकेंगे और विभिन्न कालखंडों के दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों के इतिहास की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

प्रदर्शनी की खास बात यह रहेगी कि शहरवासी भी अपने घरों में वर्षों से सुरक्षित पुराने सिक्के और नोट लेकर आ सकेंगे। विशेषज्ञ इनका परीक्षण करके उनकी ऐतिहासिकता, दुर्लभता और संभावित संग्रहणीय महत्व की जानकारी देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित