भिण्ड , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से गुरुवार तक जिले में कुल 121.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार भिण्ड शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पहले दिन 16.7 मिमी, दूसरे दिन 83.2 मिमी तथा पिछले 24 घंटों में 22.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बादल छाए रहने से वातावरण में नमी बनी हुई है। आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार 01 अगस्त से 06 अगस्त तक जिले में कुल 424 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 603 मिमी वर्षा हुई थी। इस प्रकार इस वर्ष अब तक 179 मिमी कम बारिश दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 22 मिमी वर्षा हुई। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार भिण्ड शहर में 14 मिमी, अटेर और गोहद में 32-32 मिमी, मेहगांव में 20 मिमी, लहार में 23 मिमी, रौन में 26 मिमी, मिहोना में 25 मिमी, नयागांव में 9 मिमी तथा गोरमी में 17 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित