जयपुर , जून 30 -- राजस्थान की मिट्टी की सोंधी महक, वहां की संस्कृति, लोक जीवन और भावनाओं को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म मंचों तक पहुंचाने वाली राजस्थानी-हिंदी फिल्म "ओमलो" तीन जुलाई को वेव्स ओटीटी पर रिलीज होगी।
इस संबंध में जयपुर में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई। इस दौरान फिलम के अभिनेता, लेखक, निर्देशक और निर्माता सोनू रणदीप चौधरी, निर्माता रोहित माखीजा, मनीष गोपलानी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीत निर्देशक एवं गायक गाजी खान बरना, सह-निर्माता अजय राठौर, मुख्य अभिनेता शंभू महाजन, देव शर्मा, महेश जिलावा, वंदना गुप्ता तथा हेड ऑफ प्रोडक्शन एवं आर्ट डायरेक्टर यतीन राठौड़ ने फिल्म के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि फिल्म "ओमलो" बीकानेर के श्री डूंगरगढ़ स्थित धोळिया गांव में पूरी तरह शूट की गयी है। यह कहानी एक सात वर्षीय बच्चे और एक ऊंट की समान परिस्थितियों में गुजरती जिंदगी के जरिए दर्द, संघर्ष, असहायता और समाज की सोच को बेहद संवेदनशील तरीके से सामने लाती है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी संपूर्ण शूटिंग राजस्थान में हुई है और इसमें राजस्थान के स्थानीय कलाकारों तथा वास्तविक किरदारों को ही शामिल किया गया है। फिल्म पूरी तरह राजस्थान की संस्कृति, लोक जीवन और भावनाओं का सजीव चित्रण करती है।
अमेरिका के अटलांटा इंडियन फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान अपने नाम किया। राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
नयी दिल्ली फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक पुरस्कार हासिल किये जबकि गोल्डन ज्यूरी अवॉर्ड्स में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक सम्मान मिला। बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में "ओमलो" ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार जीते।
विंध्य इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान हासिल किया। ग्लोबल बेंगलुरु फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार पुरस्कार से नवाजा गया। लगातार मिल रही इन उपलब्धियों ने "ओमलो" को क्षेत्रीय सिनेमा की एक मजबूत और वैश्विक पहचान बना दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित