बैतूल , अक्टूबर 16 -- बैतूल के बडोरा क्षेत्र स्थित कृषि उपज मंडी के बाहर शुक्रवार को फसलों की भारी आवक और नवरात्र के दौरान बढ़ी भीड़ के कारण तीन घंटे से अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा। इसमें कलेक्टर सौरभ सोनवने का काफिला, सरकारी एंबुलेंस और सैकड़ों वाहन फंसे रहे। जाम से बैतूल शहर के साथ मुलताई और आठनेर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ।
कलेक्टर भीमपुर ब्लॉक के दौरे से लौट रहे थे। उनके काफिले में 50 से अधिक नोडल अधिकारियों के वाहन शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलेक्टर करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। मंडी में सोयाबीन, मक्का और गेहूं बेचने पहुंचे किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और ट्रकों की लंबी कतारों के कारण यातायात बाधित हुआ। आम यात्रियों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने बडोरा, गेंदा चौक तथा खेड़ी चिचोली मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन की कमी को समस्या की प्रमुख वजह बताया। उनका कहना है कि फसल कटाई और त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन को पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी।
जिला प्रशासन और पुलिस बल जाम खुलवाने तथा यातायात बहाल करने में जुटा रहा। नागरिकों और व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने, मंडी के बाहर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात डायवर्जन की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित