हनुमानगढ़ , अगस्त 07 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पेयजल संकट को लेकर चार युवाओं ने पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुरा मटोरिया गांव में आज सुबह चार युवक-राजाराम, मुकेश, दिनेश और रामस्वरूप अपने गांव किकरालिया के साथ-साथ नजदीकी गांव रामपुरा मटोरिया और न्यौलखी की पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग को लेकर जलदाय विभाग में पानी की टंकी पर चढ़ गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने टंकी पर चढ़े युवकों को समझा-बुझाकर उतारने का प्रयास किया। साथ ही जलदाय विभाग के अधिकारियों को भी तुरंत मौके पर बुलाने के निर्देश दिए। इस दौरान टंकी के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए।
पुलिस के अनुसार इन तीनों गांवों में पेयजल की आपूर्ति करीब 15 किलोमीटर दूर गांव धन्नासर में स्थित आपणी योजना से पाइपलाइन के माध्यम से की जाती है। युवकों का आरोप है कि यह पाइपलाइन बेहद घटिया गुणवत्ता की है। जब भी पानी छोड़ा जाता है, तो कहीं न कहीं से पाइपलाइन फट जाती है, जिससे तीनों गांवों की पानी आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाती है। यह समस्या पिछले काफी समय से बनी हुई है। जलदाय विभाग के अधिकारी बार-बार मरम्मत का काम तो करते हैं लेकिन स्थाई समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे।
दूसरी ओर पाइपलाइन फटने के बाद उसकी मरम्मत में कई दिन लग जाते हैं। इस दौरान गांवों में पेयजल की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती। नतीजतन ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित