फिरोजाबाद , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना मक्खनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 13.2 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) राजेश गुनावत ने शनिवार को बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना मक्खनपुर क्षेत्र के बिजलीगढ़ रोड पर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 किलोग्राम 200 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार, निवासी जनपद मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह नेपाल के रास्ते बिहार होते हुए चरस की खेप इस क्षेत्र में लाता था और उसे ऊंचे दामों पर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था।

उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके अन्य सहयोगियों तथा तस्करी नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित