रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन निर्माणाधीन दुकानों को हटाया।
आधिकारिक तौर पर गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार बीएनबी हाई स्कूल से कॉलेज मार्ग के बीच सरकारी भूमि पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार रामप्रसाद बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटवाया।
बताया गया कि सुशासन तिहार के दौरान आम नागरिकों ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा से अतिक्रमण की शिकायत की थी। मंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने स्थल निरीक्षण कराया, जिसमें सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि तिल्दा-नेवरा और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित