तिरुवनंतपुरम , अक्टूबर 24 -- तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 2026-27 के अपने सर्दियों की उड़ान के तहत हर सप्ताह 644 उड़ानों का संचालन करेगा।

यह संख्या ग्रीष्म उड़ानों के दौरान दर्ज की गई 620 उड़ानों की तुलना में 4 प्रतिशत अधिक है। टीआरवी (केरल) इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड द्वारा घोषित यह नयी अनुसूची 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक लागू रहेगी। रियाद को एक नये गंतव्य के रूप में जोड़ा गया है, जबकि बहरीन, कुवैत, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ान सेवाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। घरेलू उड़ानों में 12 प्रतिशत की वृद्धि होगी, जिससे साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 294 से बढ़कर 328 हो जाएगी। अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के तहत हर सप्ताह 316 उड़ानों का संचालन होगा। अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में अबू धाबी के लिए सबसे अधिक 68 साप्ताहिक उड़ानें होंगी, इसके बाद शारजाह का नंबर आता है, जहां से 56 उड़ानें होंगी। माले के लिए 24, जबकि दुबई और कुआलालंपुर के लिए 22-22 उड़ानें होंगी। मस्कट, कुवैत और दोहा के लिए 20-20 उड़ानें होंगी और बहरीन के लिए 18 उड़ानें तय की गई हैं।

सिंगापुर और दम्मम के लिए 14-14 साप्ताहिक उड़ानें होंगी, जबकि कोलंबो के लिए 8 उड़ानें होंगी। रियाद के लिए 6 और हनीमाधू के लिए 4 साप्ताहिक उड़ानें होंगी। घरेलू क्षेत्र में बेंगलुरु 96 साप्ताहिक उड़ानों के साथ सबसे आगे रहेगा, इसके बाद दिल्ली (68 उड़ानें) और मुंबई (56 उड़ानें) का स्थान है। चेन्नई के लिए हर सप्ताह 44, हैदराबाद के लिए 28, कोच्चि और नवी मुंबई के लिए 14-14 और कन्नूर के लिए 8 उड़ानें होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित