कोझिकोड , सितंबर 28 -- केरलम के कोझिकोड में किसानों की सुरक्षा और वन्यजीव हमलों को रोकने पर ध्यान केंद्रित करते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष के वैज्ञानिक, व्यावहारिक और क्षेत्र-विशिष्ट समाधान तलाशने के लिए किसान, वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता चर्चा के लिए मंगलवार को राज्य स्तरीय सम्मेलन में जुटेंगे।

केरलम कृषि एवं वन विभाग के संयुक्त रूप से आयोजित यह सम्मेलन वन्यजीवों के हमलों को कम करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), ड्रोन, बाड़ लगाने की तकनीकों और अन्य वैज्ञानिक उपायों के उपयोग की व्यवहार्यता का आकलन करेगा। इसके साथ ही यह केरलम के विभिन्न क्षेत्रों के लिए कार्रवाई-उन्मुख निवारक रणनीतियां तैयार करेगा।

यह एक दिवसीय सम्मेलन 'सेक्रेट हार्ट चर्च पेरिश हॉल' में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित किया जायेगा। वन मंत्री शिबू बेबी जॉन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि कृषि मंत्री एडवोकेट टी. सिद्दीकी इसकी अध्यक्षता करेंगे। राजस्व मंत्री एपी अनिलकुमार, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।

वन्यजीवों के हमलों का शिकार हुए किसान अपने अनुभव साझा करेंगे और केरलम कृषि विश्वविद्यालय, अमृता विश्वविद्यालय, केरल पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) और केरल वन अनुसंधान संस्थान (केएफआरआई) के विशेषज्ञों के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा एग्री-टेक स्टार्टअपों के प्रतिनिधि भी इसमें हिस्सा लेंगे।

स्थानीय कृषि पद्धतियों, वन्यजीवों की मौजूदगी और भौगोलिक स्थितियों को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श तीन श्रेणियों फसल-केंद्रित, प्रजाति-केंद्रित और क्षेत्र-केंद्रित के तहत निवारक रणनीतियां विकसित करने पर केंद्रित रहेगा।

वन्यजीवों के हमलों को रोकने में एआई, ड्रोन और बाड़ लगाने के विभिन्न तकनीकों की क्षमता का परीक्षण किया जायेगा, जिसमें वास्तविक जमीनी स्थितियों में उनकी व्यवहार्यता और प्रभावशीलता पर विशेष बल दिया जायेगा। इस पहल का उद्देश्य राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के अनुकूल व्यावहारिक मॉडल विकसित करने के लिए किसानों के जमीनी अनुभवों को वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी समाधानों और स्टार्टअप नवाचारों के साथ जोड़ना है।

सम्मेलन में मिलने वाली सिफारिशों को केरलम के विभिन्न हिस्सों में महती परियोजना के रूप में लागू करने पर विचार किया जायेगा। प्रतिभागी वन्यजीवों के हमलों से फसलों को होने वाले नुकसान और प्रभावित किसानों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के लिए फसल बीमा कवरेज में आवश्यक बदलावों पर भी चर्चा करेंगे।

इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों की सुरक्षा और आजीविका की संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैज्ञानिक विशेषज्ञता, प्रौद्योगिकी और स्थानीय ज्ञान को एकीकृत कर मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए व्यावहारिक एवं टिकाऊ उपाय विकसित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित