वाराणसी , अक्टूबर 06 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत तेलुगु नाडु स्टूडेंट्स फेडरेशन और तेलुगु युवा की ओर से निकाली गई बाइक यात्रा मंगलवार को वाराणसी पहुंची। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आईटी एवं शिक्षा मंत्री नारा लोकेश के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा में 25 युवा राइडर्स ने पांच राज्यों से होकर करीब 2,000 किलोमीटर की दूरी तय की।

पिछली 30 सितंबर को तिरुपति से शुरू हुई यात्रा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर काशी पहुंची। यात्रा का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी, सेवा, आध्यात्मिकता, विकास और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश देना था। मार्ग में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने राइडर्स का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान कृष्णा और गोदावरी नदियों का पवित्र जल कलश में एकत्र किया गया, जिसे वाराणसी में गंगा को समर्पित किया गया। राइडर्स ने गंगा आरती में भाग लेने के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया।

वाराणसी पहुंचने पर राज्यसभा सांसद विजय चिंताकायला और सना सतीश बाबू ने राइडर्स का स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल भी मौजूद रहे। सांसद चिंताकायला ने कहा कि यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और साझा चेतना का संदेश देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित