बैतूल , अगस्त 11 -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बैतूल में 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह रैली सुबह 10 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से शुरू होगी।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। स्टेडियम से निकलने के बाद रैली शिवाजी चौक, एसपी कार्यालय, कन्या विद्यालय गंज के सामने से होते हुए टांगा चौक, दिलबहार चौक, रेलवे स्टेशन, मैकेनिक चौक, आदिवासी मंगल भवन, कारगिल चौक और अंबेडकर चौक पहुंचेगी। इसके बाद रैली शिवाजी ऑडिटोरियम पहुंचकर समाप्त होगी।

रैली में जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जिलेवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और 13 अगस्त की रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। रैली में सहभागिता राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकजुटता की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह और गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित