बिहारशरीफ , अगस्त 12 -- बिहार के ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बुधवार को कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन-बान-शान है।श्री कुमार ने आगामी स्वतंत्रता दिवस से पहले आज को नालंदा के ऐतिहासिक विश्व धरोहर परिसर में 'हर घर तिरंगा अभियान 2026' कार्यक्रम में कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन-बान-शान है। यह सम्मान, संप्रभुता और स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है। इसे हमेशा ऊंचा रखना हम सभी भारतवासियों का परम कर्तव्य है।
मंत्री ने कहा कि नालंदा जैसी ऐतिहासिक धरती से 'हर घर तिरंगा' का संदेश निकलना पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह अभियान न सिर्फ स्वतंत्रता दिवस का जश्न है, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना जगाने का माध्यम भी है।
मंत्री श्री कुमार ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को ऐतिहासिक बनाने के लिए 'हर घर तिरंगा' का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने मौजूद लोगों से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और तिरंगे की गरिमा की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अभियान के तहत 38 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम कैडेटों ने "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" की हुंकार भरी। कार्यक्रम का नेतृत्व बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल राजेश बहारी ने किया। कर्नल ने कैडेटों के जोश की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी केवल परेड नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की पाठशाला है। उन्होंने कैडेटों को जीवन में हमेशा देश को पहले रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में संरक्षण सहायक विक्रम झा, ऋषि कुमार, बंटू सिंह, धनंजय देव सहित पुरातत्व विभाग के अधिकारी, स्थानीय समाजसेवी और बड़ी संख्या में एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी व कैडेट उपस्थित रहे। कैडेटों ने परिसर में तिरंगा रैली भी निकाली और आगंतुकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान के साथ समापन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित