पटना , अगस्त 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि तिरंगा हमारे मान, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है और तिरंगा यात्रा एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। स्वतंत्रता दिवस के पहले राजधानी पटना आज पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में बच्चे, युवा और आम नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए।

‎मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकली इस तिरंगा यात्रा ने राजधानी के माहौल को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और उत्साह से भर दिया। बैंड की थाप और हाथों में लहराते तिरंगे के बीच पूरा मार्ग 'भारत माता की जय' और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया।

‎श्री सरावगी ने जेपी गोलंबर पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक आयोजित तिरंगा यात्रा में पैदल सहभागिता की।

‎श्री सरावगी बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के साथ हाथ में तिरंगा लेकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले। यात्रा के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष ने कारगिल चौक स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित