मुरैना , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ ही देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। श्री तोमर बुधवार को 'हर घर तिरंगा अभियान' के अंतर्गत मुरैना में निकाली गई विशाल पैदल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे।
तिरंगा यात्रा पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय से प्रारंभ होकर रामजानकी मंदिर, पुरानी जिला पंचायत, गर्ल्स स्कूल रोड, गोपीनाथ की पुलिया, महामाया मंदिर, रूई की मंडी, हनुमान चौराहा, पुल तिराहा और पुरानी कलेक्ट्रेट होते हुए पुन: पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंचकर संपन्न हुई। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की और प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।
यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, व्यापारियों, शिक्षकों, स्कूली विद्यार्थियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर 11 से 15 अगस्त तक देशभर में तिरंगा उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुरैना में आयोजित यह यात्रा राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि देश में त्योहारों और उत्सवों की समृद्ध परंपरा है। दीपावली, होली, मकर संक्रांति, नवरात्रि और गणेशोत्सव सहित अनेक पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाए जाते हैं, लेकिन 26 जनवरी गणतंत्र दिवस और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय जीवन के सबसे महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन दोनों राष्ट्रीय पर्वों का हमारे जीवन में विशेष और सर्वोच्च स्थान होना चाहिए।
श्री तोमर ने कहा कि 15 अगस्त हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है। असंख्य वीरों के संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप देशवासियों को स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का अवसर मिला है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को स्मरण करने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतिनिधित्व करता है। विविधताओं के बावजूद तिरंगा देशवासियों को एक राष्ट्र के रूप में एकजुट करता है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने नागरिकों से 'हर घर तिरंगा अभियान' के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान तथा राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि मुरैना की धरती पर आयोजित यह विशाल तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना का जीवंत उदाहरण है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समाजसेवियों, व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। नागरिकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम्' तथा 'तिरंगा हमारी शान है' जैसे नारों से शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री मुंशीलाल, गिर्राज डंडोतिया, पूर्व विधायक बलवीर डण्डौतिया, रघुराज कंषाना, परशुराम मुदगल, राकेश मावई, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षक, स्कूली विद्यार्थी तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित