जगदलपुर , अगस्त 12 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बुधवार को तिरंगा यात्रा के अंतर्गत बाइक रैली निकाली गई। जगदलपुर शहर से शुरू हुई रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए चित्रकोट जलप्रपात पहुंची, जहां स्वच्छता अभियान के साथ इसका समापन हुआ।

बाइक रैली में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बाइक सवारों ने हाथों में तिरंगा लेकर शहर में भ्रमण करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

रैली पीजी कॉलेज चौक से शुरू होकर अग्रसेन चौक, दंतेश्वरी मंदिर और दलपत सागर सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के जयघोष लगाए गए। रैली के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ खन्ना के नेतृत्व में रैली लोहांडीगुडा पहुंची। उसरीबेड़ा से जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप के साथ जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सदस्य भी रैली में शामिल हुए। इसके बाद रैली चित्रकोट जलप्रपात पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

इस दौरान चित्रकोट जलप्रपात और आसपास के पर्यटन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रतिभागियों ने साफ-सफाई कर लोगों को पर्यटन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित