नयी दिल्ली , अगस्त 12 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने लोगों से भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद के खिलाफ लड़ेंगे और विकसित भारत बनाने का आह्वान किया है।
दिल्ली भाजपा ने बुधवार को राजधानी के विभिन्न हिस्सों में हर घर तिरंगा अभियान चलाया। इस अभियान में श्री मल्होत्रा के अलावा सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी और अन्य आला नेताओं ने हिस्सा लिया।
श्री बिधूड़ी के नेतृत्व में महरौली जिले में मसूदपुर गांव स्थित शहीद भगत सिंह पार्क से सुबह तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इस यात्रा में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, कई विधायक और काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
वहीं श्री मल्होत्रा के नेतृत्व में मयूर विहार फेज-1 तिरंगा यात्रा निकाली गयी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस तरह से राजधानी के अन्य हिस्सों में भी तिरंगा यात्रा निकाली गयी, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कार्यालय मंत्री कैलाश जैन, विधायक और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। इन यात्राओं के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्लीवासियों के बीच देशभक्ति, एकता और 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
श्री मल्होत्रा ने कहा, "तिरंगा सिर्फ ध्वज ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का स्वाभिमान है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया में सिर ऊंचा है। हर घर तिरंगा अभियान हमें एक सूत्र में बांधता है। यह जाति, भाषा, क्षेत्र से ऊपर उठकर 'भारत पहले' की भावना पैदा करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित