रोपड़, अगस्त 10 -- स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाये जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत सोमवार को रोपड़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री ढिल्लों ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में आयोजित तिरंगा यात्रा है। तिरंगा देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है और इसका सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से पूरे देश में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे नौ से 14 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनायें।
श्री ढिल्लों ने कहा कि तिरंगा महज कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह देश के शहीदों के बलिदान, वीर जवानों के शौर्य तथा करोड़ों भारतीयों की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। देश के अनगिनत वीरों ने तिरंगे के सम्मान के लिए अपना जीवन न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब का इतिहास देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए दिये गये अनगिनत बलिदानों से भरा हुआ है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश की सीमाओं की रक्षा तक पंजाबियों ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। पंजाब की धरती ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह सहित देश को अनेक महान वीर सपूत दिये हैं।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रोपड़ की धरती से निकाली गयी यह तिरंगा यात्रा केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना और स्वतंत्रता संग्राम में अपना जीवन बलिदान करने वाले महान शहीदों को याद करना भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित