रायपुर , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता और अखंडता का अनुपम प्रतीक है और इसके मान-सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर जिले के तिल्दा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वर्मा ने नागरिकों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों में स्वाभिमान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। तिरंगा सड़क, गली अथवा किसी अनुचित स्थान पर गिरा हुआ न मिले, यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राजस्व मंत्री ने तिरंगे की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका हरा रंग देश की शांति, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है, जबकि मध्य में स्थित अशोक चक्र बिना रुके निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के मान-सम्मान की रक्षा के लिए देश के लाखों वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी है।
श्री वर्मा ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने तथा वर्ष 2047 तक सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का विजन रखा गया है। इसे साकार करने के लिए सभी नागरिकों को अपना योगदान देना होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष पलक सुखमणि, पूर्व अध्यक्ष महेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा और विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित