ललितपुर , जून 6 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शनिवार को मछली पकड़ने गए एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जाखलौन थाना क्षेत्र में नयागांव निवासी पप्पू (40) मछली पकड़ने के लिए थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम अधियारी स्थित तालाब में गया था। वह तालाब में उतरकर जाल की सहायता से मछली पकड़ रहा था। इस दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे डूबते देखा तो तत्काल तालाब में उतरकर बाहर निकाला और उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित