शेखपुरा., जुलाई 18 -- शनिवार को जिले के बरबीघा प्रखंड के केवटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दयाली बीघा गांव स्थित एक तालाब में डूबने से एक 40 वर्षीय बढ़ई की मौत हो गई।

मृतक की पहचान गांव के नरेश मिस्त्री के पुत्र रामप्रवेश शर्मा के रूप में हुई है। इस बाबत मृतक के छोटे भाई ज्ञानचन्द कुमार ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और गांव में एक फर्नीचर की दुकान चलाते थे।

सूत्रों के अनुसार श्री शर्मा आज सुबह 9 बजे दुकान बंद करके शौच के लिए निकले थे। उसी दौरान पानी से भरे तालाब के तटबंध पर पांव फिसल जाने के कारण वे तालाब में जा गिरे, जिसके कारण उनकी मौत डूबने से हो गई।

इसके घटना के लगभग चार घंटे बाद ग्रामीणों की सहायता से उनके शव को तालाब से बाहर निकाला गया।

केवटी थाना अध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार ने कहा कि घटना के संबंध में एक केस अंकित किया गया है। पुलिस ने मृतक का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित