सुलतानपुर , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के करौंदीकला थाना क्षेत्र के पाकरपुर गांव में मंगलवार शाम तालाब में नहाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पाकरपुर गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम के पुत्र राज (12) और रियाज (9) अन्य बच्चों के साथ गांव के तालाब में नहाने और खेलने गए थे। इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने आशिया बानो, अंश और अंशु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तीनों बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक सूचना में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई थी, हालांकि बाद में पुलिस ने बताया कि उपचार के बाद तीनों बच्चे खतरे से बाहर हैं।

दुर्भाग्यवश राज और रियाज को बचाया नहीं जा सका। दोनों मासूम भाइयों की मौत से गांव में मातम पसर गया। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि दोनों मृत बच्चों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित